रविदास जयंती पर सागर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए कमलनाथ, भाजपा पर जमकर साधा निशाना

सागर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बुधवार को सागर पहुंचे। वह रविदास जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले पूछते हैं कि कांग्रेस सरकार ने 70 साल में क्या किया तो मैं बताना चाहता हूं कि शिवराज जिस स्कूल में पढ़े हैं वह कांग्रेस ने बनाया है। 15 महीने की कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले वक्त में सबका हिसाब होगा।

पूर्व सीएम ने कहा कि सागर स्मार्ट सिटी नहीं माफिया सिटी बनकर रह गई है। स्मार्ट सिटी के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। खुरई में जो अत्याचार हुआ वह किसी से छिपा नहीं है। पुलिस भी वर्दी की इज्जत करे, क्योंकि हमारा भी समय आएगा और तब सबका हिसाब होगा। खुरई वालों के पीछे पार्टी और कमलनाथ हैं। पुलिस भले वर्दी में हो लेकिन उनकी जेब में भाजपा का फूल रखा है। पुलिस अपनी वर्दी का सम्मान करे, राजनैतिक शिकार न बने।

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश माफिया प्रदेश बन गया है और यही माफिया प्रदेश को चला रहा है। उन्होंने कहा शिवराज खुद को किसान का बेटा बताते हैं, लेकिन मप्र में आज सबसे ज्यादा अत्याचार किसानों पर हो रहा है। वे खुद को मामा कहते हैं, लेकिन मप्र महिलाओं के साथ रेप और अत्याचार में नंबर वन है। कमजोर वर्ग पर अत्याचार हो रहा है। मामा के पाप का घड़ा अब भर चुका है। अब उनके पास मात्र 30 महीने बचे हैं। जनता का कलाकारी राजनीति से पेट नहीं भरता। जनता उन्हें सबक सिखाएगी।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने अपनी 15 महीने की सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री शिवराज ने महिला अत्याचार, भष्ट्राचार में नंबर वन वाला प्रदेश मुझे सौंपा था। हमने 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया। हमने बिजली सस्ती की, गौशालाओं का निर्माण कराया, पेंशन बढ़ाई। आज संविधान गलत हाथों में चला गया है, इसका राजनैतिक दुरुपयोग हो रहा है। हमें इसे रोकना होगा”। इस दौरान पूर्व सीएम कमलनाथ ने डॉक्टर सर हरिसिंह गौर को भारत रत्न देने की मांग भी की।

Leave a Comment