दिग्विजय सिंह बोले- भाजपा और आरएसएस राम को बेच रही, कांग्रेस कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगती

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह शनिवार को रतलाम पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा आरएसएस, विहिप और बजरंग दल राम को बेच रहे हैं। धर्म का उपयोग राजनीतिक हथियार के रूप में नहीं होना चाहिए। उन्होंने फसल बीमा योजना पर सवाल खड़े करते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर निजी बीमा कंपनियों को फायदा पहुंचाने का आरोप भी लगाया।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस कभी धर्म के आधार पर वोट नहीं मांगती है। उन्होंने मध्यप्रदेश में शराबबंदी के मामले पर कहा कि भाजपा में उमा भारती शराबबंदी की बात करती हैं तो वहीं साध्वी प्रज्ञा उसे आयुर्वेदिक दवाई बताती हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शराबबंदी पर कुछ और बोलते हैं। शराबबंदी को लेकर भाजपा में ही विरोधाभास है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने उन्हें झूठ बोलने वाले मुख्यमंत्री करार दिया है।

दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह रतलाम में निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की।

Leave a Comment