MP में हुई नए राष्ट्रपति के लिए वोटिंग, 230 विधायकों ने किया मतदान

राष्ट्रपति चुनाव के लिए विधानसभा में सोमवार सुबह 10 बजे से वोटिंग शुरू हुई। कुल 230 विधायकों ने वोटिंग की। एक सदस्य के वोट में 1 मिनट का समय लगा। पहले घंटे में 60, दूसरे घंटे तक 196 एवं तीसरे घंटे तक 225 विधायकों ने वोट किया। अंतिम वोट 3:25 पर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने किया। विधानसभा में दलीय स्थिति के अनुसार भाजपा के 127, कांग्रेस के 96, निर्दलीय 4, बसपा 1 और 1 सपा का विधायक है।

खंडवा लोकसभा उप चुनाव के दौरान कांग्रेस से बगावत कर भाजपा के साथ आए सचिन बिरला ने कहा कि मैं भाजपा में हूं और मैने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट किया है।

कांग्रेस के विधायक हीरालाल अलावा और निर्दलीय सुरेंद्र सिंह शेरा ने कहा कि मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह गुप्त होती है। इसलिए यह नहीं बताया जा सकता है किसे वोट किया। नतीजे आएंगे तो सब को पता चल जाएगा।

निर्दलीय विधायकों में प्रदीप जायसवाल जो तत्कालीन कांग्रेस सरकार में खनिज मंत्री थे, अभी भाजपा में हैं। दूसरे निर्दलीय विक्रम सिंह राणा और बसपा विधायक संजीव सिंह और सपा विधायक राजेश कुमार शुक्ला भाजपा में आ गए हैं।

Leave a Comment