प्रदेश में बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाएं, महिला कांग्रेस उतरी सड़कों पर..

भोपाल- मप्र महिला कांग्रेस ने आज राजधानी भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर भाजपा सरकार की लचर और ढुलमुल कानून व्यवथा और नाबालिग बच्चियों के साथ बढ़ते दुष्कर्म की घटनाओं, राज्य सरकार के मुखिया शिवराजसिंह चौहान को नींद से जगाने और प्रदेश में बढ़ रहीं दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन किया गया।

मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने प्रदेश में नाबालिग बच्चियों के साथ लगातर बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर भाजपा राज में प्रदेश में दुष्कर्म की घटनाओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है, अपराधी बेखौंफ अपराध को अंजाम दे रहे हैं, वहीं प्रदेश के मुखिया इन घटनाओं को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। अपने आप को भांजियों का मामा बताने वाले शिवराजसिंह चौहान कभी घटनाओं की जांच के लिए समिति बनाने तो कभी दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करने की बड़ी-बड़ी बाते करते हैं, लेकिन उनकी इस तरह की बातों से ऐसा प्रतीत होता है कि वे केवल दिखावटी मामा हैं।

पटेल ने कहा कि कटनी, भोपाल की घटना के बाद आज मुरैना में हुई इस तरह की घटना यह प्रमाणित करती हैं कि मुख्यमंत्री और प्रदेश के गृह मंत्री को इनसे कोई लेना देना नहीं हैं। वह तो सत्ता के नशे में चूर होकर कभी पर्यटन तो कभी सैर सपाटा तो कभी भाजपा नेताओं के साथ दावतों में मगन रहते हैं। हाल ही में एक महिला ने भाजपा कार्यालय में घुसकर एक पार्टी पदाधिकारी की चप्पल से पिटाई कर दी, लेकिन भाजपा मौन, यह समझ नहीं आता अपराधी कौन है?

पटेल ने कहा कि प्रदेश में बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं पर लगाम नहीं लगा, तो महिला कांग्रेस आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश के सभी ब्लाकों में महिलाओं एवं बच्चियों के साथ घट रही दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में सड़कों पर उतर प्रदर्शन कर राज्य सरकार को चैन की नींद नहीं सोने देगी।

रोशनपुरा चौराहे पर हुये प्रदर्शन में महिला कांग्रेस पदाधिकारी श्रीमती संतोष कंसाना, सविस्ता जकी, तस्लीम लस्करी, वीनू मोनू सक्सेना, राजलक्ष्मी नायक, फरजाना खान, कविता भट्टाचार्य, सहाना हसन, महक राणा, तला देवरे, लक्ष्मी सेनी, सकुन राणा, प्रियंका मिश्रा, यशोदा पांडे, राधा ठाकुर सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस नेत्रियां उपस्थित थीं।