मध्यप्रदेश के कई शहरों में पारा 35 डिग्री के पार, पड़ रही सड़ी गर्मी

भोपाल- मध्यप्रदेश के कई शहरों में पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया है। खंडवा में सबसे ज्यादा 36 डिग्री है। वहीं, धार, खरगोन, दमोह, खजुराहो और सिवनी में भी तापमान बढ़ा है। सागर की रात सबसे गर्म है। यहां पारा 18 से 20 डिग्री के बीच चल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी होगी।

इस बार गर्मी का ट्रेंड बदल गया है। फरवरी में ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। फरवरी के आखिरी दिनों में पारे में बढ़ोतरी हो रही है। इस कारण पंखे चलाने की नौबत बन गई है। मार्च के पहले सप्ताह में तेज गर्मी की शुरुआत हो जाएगी। वहीं, दूसरे पखवाड़े में लू चलने के भी आसार है।

भोपाल में एक सप्ताह में 4 डिग्री से ज्यादा बढ़ोतरी
भोपाल में एक सप्ताह के भीतर रात के तापमान में 4 डिग्री से ज्यादा बढ़ोतरी हुई। रविवार की रात में तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई। यहां तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। सोमवार को पारे में और भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इन शहरों में दिन का तापमान ज्यादा
खंडवा में दिन का तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। इसके अलावा धार, खरगोन, दमोह, मंडला, खजुराहो, सिवनी में तापमान 35 डिग्री के पार है। भोपाल, छिंदवाड़ा, रीवा, सागर, सतना, सीधी, उमरिया, बैतूल, दतिया, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, शिवरी और उज्जैन में तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच है।

यहां रात का तापमान बढ़ा
सागर की रातें सबसे गर्म है। रविवार रात यहां तापमान 18.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इससे पहले तापमान 20 डिग्री पर पहुंच चुका है। नरसिंहपुर, सिवनी, गुना, नर्मदापुरम में तापमान 17 डिग्री से ज्यादा है।