कांग्रेस विधायकों ने सिलेंडर को लेकर विधानसभा में किया जमकर हंगामा, भोपाल-इंदौर में 1108 रुपए का हुआ सिलेंडर

भोपाल- गैस वितरण कंपिनयों ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के रेट 50 रुपए बढ़ा दिए हैं। मध्यप्रदेश के सभी शहरों में सिलेंडर की कीमत 1100 रुपए के पार हो गई है। भोपाल में अब 1108 रुपए 50 पैसे में एक सिलेंडर मिलेगा। इंदौर में रेट 1131 रुपए हो गए हैं।

प्रदेश में सबसे महंगा सिलेंडर मुरैना, भिंड और ग्वालियर में मिलेगा। कई शहरों में वृद्धि ज्यादा हुई है। डिपो से ज्यादा दूरी और ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने के कारण ऐसा हुआ है। रेट बढ़ने के बाद सिलेंडर पर सियासत भी शुरू हो गई है। इसे लेकर विधानसभा के बजट सत्र में हंगामा भी हो चुका है। कांग्रेस ने इसे चुनावी मुद्दा बना लिया। कांग्रेस ने अपनी सरकार बनने पर सिलेंडर 500 रुपए में देने का वादा किया है।

रसोई गैस के रेट 10 महीने में तीसरी बार बढ़े हैं। इस दौरान करीब डेढ़ सौ रुपए महंगा हुआ है। भोपाल की बात करें तो पिछले साल मई और जून में 53-53 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद जुलाई में सिलेंडर के रेट 1058 रुपए 50 पैसे हो गए थे। हालांकि, एक बार साढ़े 3 रुपए की गिरावट भी हुई थी। 1 मार्च को तीसरी बार बढ़ोतरी हुई।

इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर में ये रेट
इंदौर में मई 2022 को 53 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद जून में 31.50 रुपए और जुलाई में 19 रुपए बढ़े थे। इससे लोगों को 1081 रुपए में सिलेंडर मिल रहा था। अब 50 रुपए बढ़ने से रेट 1131 रुपए हो गए हैं। जबलपुर में 10 महीने के भीतर 103 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। यहां सिलेंडर 1131 रुपए में मिलेगा। ग्वालियर में अब सिलेंडर के रेट 1186 रुपए 50 पैसे हो गए हैं। जुलाई 2022 में सबसे ज्यादा 74 रुपए 50 पैसे बढ़े थे। इससे पहले मई में 53 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। जून में जरूर 24.50 रुपए रेट घटे थे।

कांग्रेस ने चुनावी मुद्दा बनाया

सिलेंडर के रेट बढ़ने के बाद कांग्रेस इसे चुनावी मुद्दा बना रही है। कांग्रेस विधायकों ने बुधवार को सिलेंडर को लेकर विधानसभा में जमकर हंगामा भी किया था। चुनाव जीतने पर 500 रुपए में सिलेंडर देने की बात भी कही है। 1 मार्च को मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल का आखिरी बजट विधानसभा के पटल पर रखा गया। कांग्रेस के कई विधायक सिलेंडर के पोस्टर लेकर विधानसभा में पहुंचे थे।