सीएम पर प्रदेश की महिलाओं को ठगने का आरोप लगाते हुए कमलनाथ ने पूछ डाला यह सवाल

भोपाल- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने एक बार फिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर बड़ा हमला बोला है। पीसीसी चीफ ने सीएम पर प्रदेश की महिलाओं को ठगने का आरोप लगाते हुए पूछा है कि आखिर प्रदेश की 20 लाख महिलाओं को प्रशिक्षित करने का उनका वादा ठंडे बस्ते में क्यों है? इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने सीएम से अपने झूठे वादे के लिए प्रदेश की महिलाओं से माफी मांगने के लिए भी कहा है।

कांग्रेस नेता कमल नाथ ने रामचरित मानस की एक चौपाई का उल्लेख करते हुए ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री जी,रामचरितमानस में भगवान शिव ने भगवान राम की महिमा का वर्णन करते हुए कहा है,अभिमान बहुत बुरी चीज है। जनता को दुख देना भी बहुत बुरी बात है।

कांग्रेस नेता ने सीएम पर रात दिन झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि रात दिन झूठ बोलते रहने से ज्यादा पाप की बात क्या हो सकती है? आपने अपने दृष्टि पत्र में वादा किया था “सूचना प्रौद्योगिकी से महिला सशक्तिकरण मिशन का सृजन करेंगे और इसके अंतर्गत 20 लाख महिलाओं को प्रशिक्षित करेंगे।” क्या अपने इस झूठे वादे के लिए आप मध्य प्रदेश की माताओं बहनों से माफी मांगेंगे?

इससे पहले कमल नाथ ने शुक्रवार को भी उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं तक लाभ न पहुंचाने और झूठी घोषणा करने का आरोप लगाया था। कमल नाथ रोज़ाना सीएम शिवराज को उन घोषणाओं की याद दिला रहे हैं, जो सीएम के कार्यकाल में ठंड बस्ते में चली गईं।