कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने जंतर-मंतर पहुंच कर धरना दे रहे पहलवानों से मुलाकात की

प्रियंका करीब आंधा घंटा धरना स्थल पर रुकीं, पहलवानों ने कहा – पुलिस परेशान कर रही, रात में बिजली काटी

नई दिल्ली – कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने जंतर-मंतर पहुंच कर धरना दे रहे पहलवानों विनेश, साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया से बात की। प्रियंका करीब आंधा घंटा धरना स्थल पर रुकीं। इससे पहले शुक्रवार देर रात बृजभूषण के खिलाफ दिल्ली के कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दो FIR दर्ज की गई हैं। पहली- दिल्ली पुलिस ने एक नाबालिग रेसलर से यौन शोषण के मामले में बृजभूषण पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, दूसरी FIR अन्य 6 महिला रेसलर्स के यौन शोषण के आरोप में दर्ज हुई है।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बृजभूषण शरण ने शुक्रवार देर रात कहा, ‘अगर धरना दे रहे पहलवान इस्तीफे से मानेंगे, तो मैं दे दूंगा। मगर, अपराधी बनकर नहीं दूंगा। अब ये कहेंगे कि इनका कार्यकाल तो खत्म हो गया है, अब इस्तीफे से क्या होगा। अगर ये खिलाड़ी धरने से उठकर वापस घर जाएं, अपनी प्रैक्टिस करें तो मैं इस्तीफा भिजवा दूंगा।’
शनिवार को इस प्रदर्शन का 7वां दिन है। रेसलर बजरंग पूनिया ने सुबह आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस परेशान कर रही है। रात में खाना खाते वक्त बिजली काट दी गई। वहां खड़े पानी के टैंकरों को भी ले जाया गया। पब्लिक टॉयलेट को भी पुलिस ने दूसरी जगह भिजवा दिया।जंतर-मंतर पर मौजूद रेसलर ने आरोप लगाया कि जब बजरंग ने इस बारे में ACP को कॉल की तो उन्होंने कहा कि जो करना है कर लो, अब तो ऐसा ही होगा। साथ ही कहा कि केस दर्ज हो गया है, अब वह वहां से धरना उठा लें। पुलिस ने धरनास्थल के चारों ओर बैरिकेड्स लगाकर खिलाड़ियों को नजरबंद कर दिया। मौके से मीडियाकर्मियों को भी निकाल दिया गया। धरनास्थल पर खिलाड़ी और कुछ समर्थक ही रह गए। जो अंधेरे में बिना बिजली के रात काटने को मजबूर हुए।