दिग्विजय बोले- वित्तमंत्री सुप्रीम कोर्ट को चुनौती दे रहीं

400 पार के नारे पर कहा- ये संविधान बदलने की साजिश; उनका संविधान में विश्वास नहीं

गुना – पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि भाजपा संविधान बदलना चाहती है। 400 पार का नारा भारतीय संविधान को बदलने का प्रयास है। जिस प्रकार का शासन चल रहा है, यह कुशासन है। संविधान की हत्या हो रही है। चुने हुए मुख्यमंत्री को बिना आरोप के जेल भेजा जा रहा है।
दिग्विजय सिंह रविवार को चांचौड़ा की पूर्व विधायक और आप नेता ममता मीना के गांव अजगरी पहुंचे। यहां उन्होंने और ममता मीना ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद वहां मौजूद कांग्रेस और आप कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव में जुट जाने की अपील की। साथ ही ममता मीना की सास के निधन पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

वित्तमंत्री निर्मला सीतामरण द्वारा सरकार बनने पर इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम फिर से शुरू करने की बात के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि वित्तमंत्री को यह मालूम तो है ही कि यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट का है। सुप्रीम कोर्ट का जो निर्णय है वो संविधान और आज के नियमों के आधार पर है। इस प्रकार की चुनौती जब वित्तमंत्री दे रही हैं, वो इस बात को समझें की ये चुनौती है सुप्रीम कोर्ट को, उसके विवेक को, उसके निर्णय को। इस समय चुनाव हैं और वो लोग ऐसा कह रहे हैं, ये दर्शाता है कि उनका भारतीय संविधान में, न्याय व्यवस्था में कोई विश्वास नहीं है।सिंह ने कहा कि भाजपा के लोग एक समय कहते थे कि कांग्रेस मुक्त भारत, लेकिन आज कांग्रेस युक्त भाजपा होती जा रही है। आधे से ज्यादा जो उनके उम्मीदवार हैं, वो या तो कांग्रेस से गए हैं या अन्य पार्टियों से। बेचारे वो भाजपा के नेता, जो जनसंघ के जमाने से, RSS के लोग चप्पल चटका रहे हैं, वो आज भी चप्पल चटका रहे हैं, उन्हे अवसर नहीं मिला। नरेंद्र मोदी और अमित शाह इंपोर्टेड लोगों को टिकट दे रहे हैं। इंपोर्टेंट नहीं, इंपोर्टेड नेताओं को टिकट दिया जा रहा है।