सैम पित्रोदा बोले- भारत के वोटरों में चौंकाने की आदत

चुनाव नतीजों पर जल्दबाजी न करें

शिकागो – इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा को उम्मीद है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और INDI गुट अच्छा प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा- भारतीय मतदाताओं में चौंकाने की प्रवृत्ति होती है। पित्रोदा ने यह बातें न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहीं। उन्होंने आगे कहा- हमें दो महीने का इंतजार करना होगा और चुनाव के नतीजे पता चल जाएंगे। अभी यह अनुमान लगाने की जरूरत नहीं है कि क्या होगा। इंदिरा गांधी ने जब इमरजेंसी लगाई तो उन्हें बाहर कर दिया गया। बाद में उनकी दोबारा वापसी हुई। इसलिए इंडियन वोटर्स की बुद्धिमत्ता को कम मत आंकिए।
पित्रोदा ने कहा- अगर भारतीय मतदाताओं को लगता है कि वे एक लोकतांत्रिक देश में रहना चाहते हैं, वे एक गैर-तानाशाही वाले माहौल में रहना चाहते हैं, वे चाहते हैं कि संस्थाएं काम करें, वे स्वतंत्रता, लचीलापन चाहते हैं। वे अपने पसंदीदा धर्म का पालन करना चाहते हैं, वे शादी करना चाहते हैं। अगर उन्हें लगता है कि नौकरियों की बात होनी चाहिए तो वे उसी अनुसार वोट करेंगे, इसलिए भारतीय मतदाताओं पर कुछ भरोसा रखें, चुनावकर्ताओं पर नहीं। प्रधानमंत्री राजीव गांधी के पूर्व सलाहकार सैम पित्रोदा ने कहा कि कांग्रेस नेता लोकसभा चुनावों में अच्छी लड़ाई लड़ने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, INDI गठबंधन काफी अच्छा काम कर रहा है। मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी के कई अन्य लोग कड़ी मेहनत कर रहे हैं। पित्रोदा ने इस महीने की शुरुआत में जारी कांग्रेस के घोषणापत्र की तारीफ करते हुए कहा- यह देश के लोगों के लिए एक आदर्श घोषणापत्र है। उन्होंने कहा, घोषणापत्र की गुणवत्ता देखिए। मुझे नहीं लगता कि यह कोई कम्युनिस्ट घोषणापत्र है।