मऊ में प्रियंका गांधी ने भाजपा पर बोला हमला, कहा- बुलडोजर चलाने वाले समस्याओं पर बात नहीं करते

यूपी में विधानसभा चुनाव जारी है। सभी राजनीतिक दल जीतने के लिए पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में बुधवार को कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मऊ पहुंचीं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या रोजगार की है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। मजदूरों को दिहाड़ी कम मिलने लगी है। किसान को फसल का दाम नहीं मिलता है ऊपर से बिजली का बिल भी बढ़ गया है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन हल करने के लिए सरकार कोई बात नहीं करती। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, चीन और अपराधियों पर बुलडोजर चलाने की बात करने वाले लोग समस्याओं पर बात नहीं करते। कांग्रेस नेता ने कहा कि सीएम योगी मंचों से 70 लाख रोजगार का झूठा आश्वासन देते हैं और केवल जाति व धर्म पर लड़ाते हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश में 12 लाख रोजगार के पद खाली हैं। भाजपा वाले छात्रों के जज्बातों से खेल रहे हैं। भाजपा, सपा व बसपा नौजवानों व महिलाओं को गढ्ढे मे ढकेल रहे हैं। सरकार में लोगों को गरीब व अशिक्षित रखना जारी है। प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में छुट्टा पशुओं को रोजगार के अवसर के रूप में प्रयोग कर रहे हैं। दो रुपये किलो वहां गोबर खरीद रहे हैं। कहा कि इस चुनाव में आप को तय करना है की आपको क्या चाहिए। आप सभी को प्रदेश की दिशा व दशा तय करनी है। जाति व मजहब से हटकर देश के लिए वोट करें। प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की सरकार बनाने की बात कही।

Leave a Comment