MP सरकार फिर 2 हजार करोड़ का कर्ज लेगी ​​​​​​​

दिन पहले भी लिया जा चुका है एक हजार करोड़ रुपए का कर्ज

भोपाल – मप्र सरकार एक बार फिर 2 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लेने की तैयारी में है। यह कर्ज 31 अक्टूबर को लिया जाएगा। जिसके लिए सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद अक्टूबर माह में दूसरी बार यह कर्ज लिया जा रहा है। इसके पहले 23 अक्टूबर को एक हजार करोड़ का कर्ज लिया है।
चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद दूसरी बार दो हजार करोड़ का कर्ज लेने जा रही सरकार इस कर्ज की अदायगी 2037 तक करेगी। इस दौरान ब्याज की राशि हर साल चुकानी होगी।
माना जा रहा है कि अगले माह लाड़ली बहना योजना में 1.31 करोड़ महिलाओं को 1250 रुपए की मासिक किस्त अदा करने के लिए यह राशि ली जा रही है। वित्त विभाग के अफसरों का कहना है कि सरकार इस योजना में दी जाने वाली राशि के भुगतान के लिए तय तारीख 10 नवंबर के पहले भी एक और कर्ज ले सकती है।

सितंबर में भी लिया था भारी कर्ज

राज्य सरकार ने इसके पूर्व सितंबर माह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणाओं के क्रियान्वयन और कर्मचारियों व अन्य वर्गों को दी जाने वाली सेवाओं के लिए पांच हजार करोड़ का कर्ज लेने का फैसला किया था। यह कर्ज 12 सितंबर को 1000 करोड़, 21 सितंबर को 500 करोड़, 26 सितंबर को 2000 करोड़ और इसके बाद 3 अक्टूबर को 1000 करोड़ रुपए लिया गया था।