राजनगर, रहली, भिंड की घटनाओं पर भड़के कमलनाथ

कहा- BJP वर्कर की तरह काम करने वाले अफसरों से जनता हिसाब करेगी

भोपाल – एमपी में मतदान के दिन राजनगर, रहली और भिंड में हुई घटनाओं पर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने पुलिस और प्रशासन को आडे़ हाथों लिया है। कमलनाथ ने राजनगर में कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की हत्या, रहली में कांग्रेस प्रत्याशी के ऊपर हमले के अलावा भिंड में दलित का घर जलाए जाने के मामले में कार्रवाई न होने पर प्रशासन को चेतावनी दी है।
कमलनाथ ने सोशल नेटवर्क साइट एक्स पर लिखा कि- क्या हम मान लें कि मध्यप्रदेश में कानून का राज नहीं है? आखिर कौन है जो हत्यारों को बचा रहा है और किसके इशारे पर पुलिस और प्रशासन चुप्पी साध कर बैठा है? मैं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि पूरी पार्टी एक-एक कार्यकर्ता के पीछे खड़ी है।
किसी भी कार्यकर्ता पर होने वाला जुल्म, पूरी पार्टी के ऊपर हमला है। हम एकजुट होकर इस अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करेंगे और न्याय दिलाकर रहेंगे। जो अन्याय के साथ खड़े हैं, उन्हें भी इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।

कांग्रेस प्रत्याशी पर हमले के बाद प्रशासन चुप्पी साधे है

कमलनाथ ने दूसरी पोस्ट में लिखा- सागर जिले की रहली विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटेल के ऊपर कल हमला किया गया। उनकी गाड़ियों पर पथराव और तोड़फोड़ की गई। हमलावर खुलेआम हाथ में पिस्तौल लहराते हुए दिख रहे हैं। ज्योति ने वीडियो जारी कर कहा है कि अगर उनकी हत्या हो जाती है तो उसके लिए भाजपा प्रत्याशी गोपाल भार्गव जिम्मेदार होंगे। एक महिला प्रत्याशी के ऊपर इस तरह खुलेआम हमला हो रहा है, लेकिन उसकी सुरक्षा और हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस और प्रशासन चुप्पी साधकर बैठे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि भारतीय जनता पार्टी और उसके संरक्षण में काम कर रहे कुछ अधिकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चुन-चुन कर निशाना बना रहे हैं। यह बहुत खतरनाक स्थिति है।

कांग्रेस प्रत्याशी को सुरक्षा दे प्रशासन

कमलनाथ ने सागर जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए लिखा- मैं सागर के प्रशासन को चेतावनी देता हूं कि वे तत्काल कांग्रेस प्रत्याशी को पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराएं और हमलावरों पर तेजी से कार्रवाई करें। मैं सागर जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह संदेश भी देना चाहता हूं कि वे इस संघर्ष के दौर में अकेले नहीं है, पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ है। हम सबको एकजुट होकर इस अन्याय का मुकाबला करना है। यह हार से पहले भारतीय जनता पार्टी की बौखलाहट है जो हिंसा के रूप में सामने आ रही है। लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता इन सब चीजों से डरने वाला नहीं है और भाजपा की गुंडागर्दी को माकूल जवाब देगा। पुलिस और प्रशासन के जो अधिकारी भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं, उनका हिसाब भी मध्य प्रदेश की जनता करेगी।

भिंड में जला दिया दलित का घर, फिर भी नहीं हुआ एक्शन

कमलनाथ ने अपनी तीसरी पोस्ट में लिखा- भिंड जिले की अटेर विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के बूथ एजेंट केशव जाटव का घर भाजपा के गुंडों ने जला दिया। यह गुंडागर्दी भाजपा प्रत्याशी और मंत्री अरविंद सिंह भदोरिया के लोगों ने की है।
पीड़ित कांग्रेस कार्यकर्ता को सुरक्षा मुहैया कराना तो दूर पुलिस ने अब तक इस मामले में समुचित कार्रवाई भी नहीं की है। देखने में आ रहा है कि प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को चुन-चुन कर निशाना बनाया जा रहा है और पुलिस प्रशासन मूक दर्शक की भूमिका में बना हुआ है। कमलनाथ ने आगे लिखा- सत्ताधारी दल और प्रशासन का यह गठजोड़ मध्य प्रदेश में लोकतंत्र के लिए घातक होता जा रहा है और आम नागरिक की सुरक्षा के लिए खतरा बन गया है। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्नान करता हूं कि वह सब एकजुट होकर एक साथ रहें और एक-दूसरे की सुरक्षा के लिए आगे आएं।
कुछ दिन बाद मध्य प्रदेश में उनकी अपनी सरकार बनने जा रही है। वे तब तक धैर्य और सावधानी से काम लें। जो लोग प्रशासन के संरक्षण में गुंडागर्दी कर रहे हैं, उन्हें कानून के कटघरे में शीघ्र ही खड़ा किया जाएगा।