पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री कमलनाथ का बयान

लोकतंत्र विरोधी इरादों को जड़ से समाप्त करने के लिए मध्य प्रदेश की जनता ने 2018 के मतदान के रिकॉर्ड को भी पीछे करने में कोई कसर नहीं छोड़ी

भोपाल – पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने एक बयान में कहा है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान संपन्न हुआ। प्रदेश के मतदाताओं में जिस उत्साह से मतदान में भाग लिया और पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए करीब 75% से अधिक मतदान किया, वह ऐतिहासिक है। मतदान की प्रक्रिया में शामिल सभी अधिकारी कर्मचारी एवं मतदाताओं का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
कमलनाथ ने कहा कि इस बढ़े हुए मतदान ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि मध्य प्रदेश की जनता इस बार बड़े बदलाव के लिए मतदान कर चुकी है। 2018 में मध्य प्रदेश की जनता ने करीब 75 प्रतिशत मतदान करके बदलाव की नींव रख दी थी। लेकिन बाद में भाजपा ने खरीद फरोख्त से सत्ता अपने हाथ में ली। भाजपा के इस तरह के लोकतंत्र विरोधी इरादों को जड़ से समाप्त करने के लिए मध्य प्रदेश की जनता ने 2018 के मतदान के रिकॉर्ड को भी पीछे करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मतदान के अंतिम आंकड़े आने के बाद यह बात स्पष्ट हो जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता जानती है कि कांग्रेस पार्टी झूठे वादे नहीं करती। आज जो मतदान हुआ है उसमें स्पष्ट है कि किसानों ने बढ़े हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य के लिए, आम आदमी ने सस्ती बिजली के लिए, नौजवानों ने रोजगार और सरकारी नौकरी के लिए, महिलाओं ने नारी सम्मान योजना के लिए, कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए और समाज के वंचित तबके ने जातिगत जनगणना और 27% ओबीसी आरक्षण के मुद्दों पर बढ़-चढ़कर मताधिकार का प्रयोग किया है। और सबसे बढ़कर मध्य प्रदेश की जनता ने भाजपा की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए मतदान किया है।
श्री नाथ ने कहा कि सीटों की संख्या की भविष्यवाणी करना मेरी आदत नहीं है लेकिन इस मतदान के बाद आए रुझानों से यह एकदम स्पष्ट है कि 3 दिसंबर को प्रचंड बहुमत के साथ कांग्रेस पार्टी की सरकार मध्य प्रदेश में बनने जा रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज दिन में मैंने कांग्रेस के प्रत्याशियों से लगातार बातचीत की। यह देखने में आया कि भारतीय जनता पार्टी अपने हाथ से निकलती सत्ता देखकर अधिकारियों पर जबरन प्रशासनिक दबाव बनाने की कोशिश कर रही थी। लेकिन ज्यादातर अधिकारी कर्मचारियों ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराया और जिन अधिकारियों ने भाजपा के एजेंट की तरह काम करने की कोशिश की उन्हें जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया है। सबसे कष्ट की बात यह रही कि हार सामने देखकर भारतीय जनता पार्टी ने कुछ जगहों पर प्रशासन का दुरुपयोग करके कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हमले किए। मध्य प्रदेश का सभ्य समाज इस तरह की गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं करता है।
मैं उन सब मतदाताओं का आभारी हूं जिन्होंने भाजपा के संरक्षण में चल रही इस गुंडागर्दी के बावजूद निर्भीक होकर मतदान किया और कांग्रेस पार्टी की जीत का मार्ग प्रशस्त किया।
कमलनाथ ने आश्वस्त किया कि मध्य प्रदेश के निर्भीक मतदाता निश्चिंत रहें। चुनाव हार जाने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी के नेता आपके सामने झूठी झूठी बातें पेश करेंगे। वे अपनी हार को छुपाने के लिए कहानियां रचेंगे। आपके सामने ऐसे आंकड़े पेश करेंगे जिनका असल में कोई वजूद ही नहीं है। आपको उनके भुलावे में आने की जरूरत नहीं है क्योंकि 3 दिसंबर को आपकी सरकार बनने वाली है। आप सबको बहुत-बहुत बधाई।