इंदिरा गाँधी जयंती पर भारत जोड़ो यात्रा में होगा नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व, पदयात्रा में 90 फीसदी महिलाएं

नई दिल्ली- भारत जोड़ो यात्रा जल्द ही महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश में प्रवेश करने वाली है। यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह बरकरार है। इसी कड़ी में 19 नवंबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 105वीं जयंती के मौके पर यात्रा में नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व होगा। दरअसल, कल यात्रा में राहुल गांधी के साथ चलने वालों में 90 फीसदी महिलाएं रहेंगी।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर देशभर की महिलाओं को यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘आप आशा, आप रौशनी, आप ही शांति
आप उम्मीद, आप ज़िद, आप ही हैं क्रांति। भारत की हर महिला को आवाह्न है- भारत को जोड़ने के लिए, हमारे साथ कदम मिला कर चलें। आपकी शक्ति और साहस दुनिया बदल सकती है।’

पार्टी के शीर्ष नेता और मुख्य प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा कि राजनीति और राजनीतिक कार्यालयों में महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने का फैसला इंदिरा जी और दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने लिया था। तदनुसार, स्थानीय स्वशासन निकायों सहित सभी स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी में अत्यधिक वृद्धि हुई है।

जयराम रमेश ने कहा कि कल दोनों नेताओं की ‘नारी शक्ति’ की भव्य दृष्टि भारत जोड़ो यात्रा में देखी जाएगी। कल शामिल होने वाले प्रतिभागियों में से 90 प्रतिशत महिलाएं होंगी। उन्होंने दोहराया कि कुछ लोगों में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर गलत धारणाएं हैं, लेकिन महाराष्ट्र के लोगों ने इस पहल को जबरदस्त प्रतिक्रिया दी है।