UP की महिला ने खुद को बताया महारानी, सिंधिया के जयविलास पैलेस में मचा हंगामा

ग्वालियर। सिंधिया घराने का महल जयविलास पैलेस में तब हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात महिला ने महल पर दावा कर दिया। यूपी के लखनऊ से आई एक महिला खुद को महारानी बताने लगी। इतना ही नहीं रानी महल में जाने से जब गार्ड्स ने उसे रोका तो उसने सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला कर दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रियंका श्रीवास्तव नाम की एक महिला UP के लखनऊ से ग्वालियर की सैर करने आई थी। महिला सैलानी यहां जयविलास महल घूमने पहुंची थी। जयविलास पैलेस के भीतर मौजूद म्यूज़ियम वाले हिस्से से होकर ये महिला आमलोगों के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र रानी महल में पहुंच गई। हद तो तब हुई जब सुरक्षा कर्मियों ने महिला को प्रतिबंधित क्षेत्र से बाहर जाने को कहा तो वो खुद को महल की महारानी बताने लगी।

इतना ही नहीं जब सुरक्षा कर्मियों ने उसे वहां से भगाना चाहा तो महिला ने उन पर हमला कर दिया। महिला ने एक सुरक्षाकर्मी की उंगली में दांत काट ली और दूसरे के पीठ में घूंसे मारे। बीच बचाव करने आई महिला कर्मचारी के चेहरे और हाथ को भी नाखून से नोच लिया। जयविलास पैलेस के कर्मचारी राजेश आनंद पुत्र के अंगुली में महिला ने काट लिया। राजेश को बचाने आए दूसरे कर्मचारी मयंक को पीठ में महिला ने घूंसे ही घूंसे मारे और बीच बचाव करने पहुंची महिला कर्मचारी छाया कंठाले पर नाखून से हमला कर नोच लिया।

महल की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने तत्काल पुलिस को इस बात की सूचना दी। झांसी रोड थाना पुलिस जयविलास पैलेस पहुंची और महिला को हिरासत में लिया गया। इस मामले में घायल सुरक्षा कर्मियों का मेडिकल कराने के बाद झांसी रोड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला को हिरासत में लिया गया है। ग्वालियर के एडिशनल एसपी मृखांगी डेका ने बताया कि लखनऊ से आई महिला ने जयविलास पैलेस के पब्लिक एरिया से प्रायवेट एरिया में घुसने की कोशिश की, सिक्योरिटी से मारपीट की है, उसके खिलाफ FIR के साथ ही कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment