राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज राजस्थान में तीसरा दिन, एक दिन सिर्फ महिलाएं होंगी शामिल

नई दिल्ली- राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज राजस्थान में तीसरा दिन है। कोटा में चल रही यात्रा में दिन का दूसरा चरण शुरू हो गया है। राजस्थान का प्रभारी बनने के बाद सुखजिंदर सिंह रंधावा भी राहुल गांधी की यात्रा में पहुंच गए हैं। प्रभारी बनने के बाद पहली बार उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की है। रंधावा से सचिन पायलट और दूसरे नेताओं ने भी मुलाकात की।

इधर, यात्रा के बीच कांग्रेस नेता रिजु झुनझुनवाला ने पार्टी छोड़ दी है। झुनझुनवाला ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। रिजु 2019 में अजमेर से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। रिजु ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि वह अब पार्टी में कुछ एड करने की हालत में नहीं हैं।

लंच ब्रेक के दौरान कांग्रेस संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने अग्रिम संगठनों की मीटिंग में नेताओं को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने यात्रा में अलग-अलग झंडों को लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं के प्रति नाराजगी जताई। वेणुगोपाल ने कहा कि सभी लोग केवल तिरंगा लेकर ही चलें। वहीं, राजस्थान के कांग्रेस के नए प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा राहुल गांधी से मिलने यात्रा कैंप पहुंचे हैं।

इससे पहले हुई प्रेस कांफ्रेंस में जयराम रमेश ने बताया कि 10 दिसंबर को यात्रा में राहुल के साथ केवल महिलाएं चलेंगी। मध्य प्रदेश की तरह यहां भी एक दिन महिलाओं के लिए रिजर्व रखा गया है। इसकी शुरुआत 19 नवंबर को इंदिरा गांधी जयंती से हुई थी। वहीं, कल यात्रा आधे दिन की ही होगी। इसके बाद राहुल गांधी दिल्ली जा सकते हैं। रमेश ने बताया कि कल का सफर सुबह 11 बजे पूरा हो जाएगा। इस दौरान यात्री करीब 24 किलोमीटर चलेंगे।

सीएम अशोक गहलोत को लगातार लेटर लिखकर नाराजगी जताने वाले कांग्रेस के सांगोद विधायक भरत सिंह के क्षेत्र से आज यात्रा निकल रही है। जिस दरा क्षेत्र से यात्रा की शुरुआत हुई है, वह सांगोद विधानसभा क्षेत्र का इलाका है।

भरत सिंह की खान मंत्री प्रमोद जैन और यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल से नहीं बनती। भरत सिंह सीएम अशोक गहलोत को लगातार लेटर लिखकर मंत्रियों की शिकायत करने के अलावा कई मुद्दों पर नाराजगी जताते रहे हैं।

राहुल की नाराजगी के बावजूद पुलिस की सख्ती बरकरार
राहुल गांधी भारत यात्रा के दौरान अलग अलग प्रोफेशन से जुड़े लोगों से बातचीत कर रहे हैं। उधर राहुल गांधी से मिलकर ज्ञापन देने वाले लोगों पर पुलिस की निगाह है। कोटा सिटी एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लिखित निर्देश जारी करके राहुल गांधी की यात्रा के दौरान विरोध प्रदर्शन करने वालों और ज्ञापन देने वालों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है।

अपनी समस्याओं को लेकर राहुल गांधी से मिलकर ज्ञापन देने वालों पर निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए हैं। राहुल गांधी ने राजस्थान में यात्रा की एंट्री के साथ ही भारी पुलिस जाप्ता लगाने पर नाराजगी जताई.