भारत जोड़ो यात्रा का आज 65 वां दिन, आदित्य ठाकरे ने मिलाए कदम से कदम

नई दिल्ली- कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 65 वां दिन है। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में यह पांच दिनों से जारी है। शुक्रवार दोपहर बाद यह पड़ोसी हिंगोली जिले में पहुंची। हिंगोली में ही शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे ने यात्रा में राहुल गांधी का साथ दिया।

जानकारी के मुताबिक, आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे, शिवसेना विधायक सचिन अहीर के साथ भारत जोड़ो पदयात्रा में शामिल हुए। राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। यात्रा आज 65 वें दिन में प्रवेश कर गई। 7 नवंबर की रात को यह पड़ोसी तेलंगाना प्रांत से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के देगलुरु पहुंची थी।

बीते पांच दिनों से यह नांदेड़ जिले में भ्रमण कर रही है। यात्रा शुक्रवार सुबह अर्धपुर के नांदेड़-हिंगोली रोड स्थित दाभाड़ से फिर शुरू हुई। आज दोपहर बाद यह चोरम्बा फाटा से शुरू होकर रात में हिंगोली पहुंचेगी। सुबह करीब छह बजे यात्रा दोबारा शुरू होने के बाद सड़क पर लोगों ने गांधी का स्वागत किया. रास्ते में कांग्रेस नेता ने स्थानीय निवासियों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की।

18 नवंबर को बुलढाणा के शेगांव में सभा
गांधी ने गुरुवार शाम को नांदेड़ में एक रैली को संबोधित किया था। वहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता और अभिनेता सुशांत सिंह मौजूद थे। गांधी 18 नवंबर को बुलढाणा जिले के शेगांव में अपनी दूसरी जनसभा को संबोधित करने वाले हैं।

20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी
महाराष्ट्र में यात्रा 14 दिनों तक भ्रमण करेगी। वह राज्य के 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यह महाराष्ट्र के पांच जिलों में 382 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।

यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत, राहुल ने जताया शोक
यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता व सहयात्री पी. गणेश का निधन हो गया। उनके निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शोक जताया है। राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, “हमारे साथी यात्र पी गणेशन जी के निधन से गहरा दुख हुआ। वे कांग्रेस के एक प्रतिबद्ध कार्यकर्ता थे और पिछले 3 दशकों में पार्टी की हर यात्रा और अभियान में शामिल हुए थे। भारत जोड़ो यात्रा में हमने एक प्रिय साथी खो दिया है।”