सोनिया गांधी का 76वां जन्मदिन आज, पीएम मोदी सहित इन नेताओं ने दी बधाई

नई दिल्ली- कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी शुक्रवार को 76 वर्ष की हो गईं। इस मौके पर वह राजस्थान के रणथंभौर पहुंची हैं। सवाई माधोपुर के रणथंभौर में आज उनके जन्मदिन को लेकर तैयारियां चल रही हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मां सोनिया गांधी के साथ यहां मौजूद हैं।

मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की सर्वमान्य नेता सोनिया गांधी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में लिखा, ‘सोनिया गांधी जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’

सोनिया गांधी गुरुवार को सवाई माधोपुर पहुंचीं थी। यहां सोनिया गांधी ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ रणथंभौर के सवाई माधोपुर स्थित जोगी महल का दौरा किया। गांधी परिवार ने भी जिप्सी में बैठकर रणथंभौर टाइगर सफारी का लुत्फ उठाया। सभी ने काफी समय सफारी में बिताया और बाघों को देखा। बाद में गांधी परिवार होटल शेर बाग लौट आया।

इससे पहले साल 1985 में नए साल का पहला सप्ताह तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पारिवारिक दोस्तों के साथ रणथम्भौर में बिताया था। वह अपने पूरे परिवार और पारिवारिक दोस्तों के साथ यहां आए थे। इस दौरान बॉलीवुड अभिनेता बच्चन, जया बच्चन, अभिषेक बच्चन, श्वेता बच्चन भी यहां आए थे। यहां उनके आने के लिए शेरपुर गांव में हेलिपेड बनाया था। इसी हेलिपेड पर अब 37 साल बाद सोनिया गांधी फिर से उतरी हैं।

प्रियंका गांधी अपने बचपन की यादें ताजा करने के लिए अक्सर रणथम्भौर आती रहती हैं। पिछले साल प्रियंका गांधी ने भी अपना जन्मदिन रणथंभौर के होटल शेरबाग में ही मनाया था।