MP आएंगी प्रियंका गांधी, भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों में व्यस्त कांग्रेस, पीसीसी में तैयार हो रहा प्लान

भोपाल- मप्र की सत्ता से 15 साल दूर रही कांग्रेस का वनवास साल 2018 में खत्म हुआ लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया की 22 विधायकों के साथ बगावत के चलते सरकार गिर गई। अब कमलनाथ मप्र की सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा नवंबर महीने के अंत में आने की उम्मीद है। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने प्रियंका गांधी भी मप्र के दौरे पर आएंगी। पीसीसी में इसका पूरा प्लान बनाया जा रहा है। नेताओं की मानें तो प्रियंका गांधी उज्जैन में भारत जोड़ो यात्रा को ज्वाइन कर सकती हैं। भारत जोड़ो यात्रा के मप्र प्रभारी पीसी शर्मा ने बताया कि प्रियंका गांधी के मप्र आने का कार्यक्रम जल्दी फाइनल हो जाएगा।

राहुल की यात्रा में एमपी की 5 उपयात्राएं जुड़ेंगी
अब तक तय तारीख के मुताबिक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुरहानपुर से मप्र में 24-25 नवंबर को प्रवेश करेगी। राहुल गांधी की इस यात्रा में मप्र से 5 उप यात्राएं जुड़ेंगी। इन उप यात्राओं की जिम्मेदारी कांग्रेस के नेताओं को दी गई है। खंड़वा, इंदौर, उज्जैन, आगर मालवा में ये सभी उपयात्राएं भारत जोड़ो यात्रा में जुड़ेंगी।

नेताओं से ये पूछा जा रहा कितने किमी पैदल चल पाएंगे
मप्र के अलग- अलग जिलों और विधानसभाओं में निकलने वाली उपयात्राओं में शामिल होने वाले नेताओं से ये पूछा जा रहा है कि वे कितने किलोमीटर की पैदल यात्रा करने में सक्षम हैं। नेताओं की सहमति मिलने के बाद उपयात्रा में चलने वाले यात्रियों की सूची फाइनल की जाएगी।

हर विधानसभा में निकलेगी भारत जोड़ो यात्रा

मप्र में भारत जोड़ो यात्रा के समन्वयक और विधायक पीसी शर्मा ने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता उपयात्राएं निकालेंगे। इसके लिए जिला प्रभारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं। विधायक और पूर्व विधायक, विधानसभा प्रत्याशी इन यात्राओं में पदयात्रा करेंगे।
भारत जोड़ो यात्रा में जुडेंगी उपयात्राएं
गोंडवाना की उपयात्राएं खंडवा में जुडेंगी
1- बालाघाट से शुरू होने वाली उपयात्रा सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल हरदा होते हुए खंडवा में भारत जोड़ो यात्रा में जुड़ेंगी। बड़वानी से खरगोन तक आएगी और उपयात्रा में जुड़ जाएगी।
महाकौशल की उपयात्राएं इंदौर में जुड़ेंगी
2- अनूपपुर से उपयात्रा शुरू होकर डिंडोरी, मंडला, जबलपुर, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, सीहोर, देवास होते हुए इंदौर में जुड़ेगी।

  • अलीराजपुर से शुरू होकर झाबुआ, धार होते हुए इंदौर में जुड़ेगी।
    उज्जैन होगा बड़ा कार्यक्रम
    3- शहडोल से उपयात्रा शुरू होकर उमरिया, कटनी, दमोह, सागर, रायसेन, सीहोर, शाजापुर होते हुए उज्जैन में जुड़ेगी।
  • भोपाल से सीहोर, कुरावर, पचोर, खुजनेर, नलखेड़ा, सुसनेर में जुड़ेगी
  • जावद(नीमच) से शुरू हुई यात्रा मल्हारगढ़, मंदसौर, रतलाम, खाचरोद होते हुए उज्जैन में जुड़ेगी।
  • भानपुरा (मंदसौर) से शुरु हुई यात्रा सुवासरा, महिदपुर होकर उज्जैन में जुड़ेगी।
    विंध्य, बुन्देलखंड की उपयात्राएं आगर-मालवा में जुड़ेगी
    4- सिंगरौली से सीधी, रीवा, सतना पन्ना, छतरपुर तक
  • निवाड़ी, ओरछा, टीकमगढ़, छतरपुर तक
  • छतरपुर से सागर, विदिशा, राजगढ़ होते हुए आगर मालवा में ये यात्रा जुड़ेगी।

चंबल की उपयात्राएं आगर मालवा में जुड़ेगी

5- भिंड, दतिया से शिवपुरी – मुरैना से ग्वालियर, शिवपुरी – श्योपुर से शिवपुरी – शिवपुरी से अशोकनगर, गुना, राजगढ़ होकर आगर मालवा में ये यात्रा जुड़ेगी।

मध्यप्रदेश में 6021 KM की रहेगी यात्रा

मप्र के 52 जिलों में कांग्रेस की भारत जोड़ो की उपयात्राएं 35 दिन में 6021 KM की यात्राएं करेंगी। यह उपयात्राएं बाद में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में समाहित हो जाएंगी। यह 230 विधानसभा क्षेत्रों में भी जाएंगी।