महराजगंज में बोलीं प्रियंका गांधी, कहा- कांग्रेस विकास की राजनीति करती है, धर्म और जाति की नहीं

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को महराजगंज के पंचायत इंटर कॉलेज परतावल, फूलमनहां इंटर कॉलेज फरेंदा, महात्मा बुद्ध इंटर कॉलेज बुद्धनगर अड्डा बाजार में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धर्म, जाति की राजनीति नहीं कांग्रेस विकास की राजनीति करती है। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने कुछ काम नहीं किया। यूपी का किसान बदहाल है। छुट्टा पशु फसलों को बर्बाद कर दे रहे हैं, लेकिन सरकार के पास इसका कोई समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो छुट्टा पशुओं की देखभाल करने वाले को प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहा है। घोषणा पत्र में किए सारे वादे को कांग्रेस पूरा करेगी। समाज के हर वर्ग के हित के लिए कांग्रेस काम करेगी। नौजवानों के लिए रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव के संबंध में आज कुछ बातें करने आई हूं। चुनाव के दौरान आपने बहुत से नेताओं का भाषण सुना होगा। आप यह सोचते होंगे की नेता आते हैं और बड़ी बड़ी बातें करके चले जाते हैं। आपको मालूम है कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। नौजवानों की ऊर्जा सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में है। सबसे ज्यादा हुनर उत्तर प्रदेश में है।

प्रियंका गांधी ने कि मेरे ख्याल से सबसे ज्यादा उपजाऊ जमीन उत्तर प्रदेश में है। इसका मतलब है कि उत्तर प्रदेश में योग्यता बहुत है, काबिलियत बहुत है। कभी आपने सोचा है कि आपका प्रदेश विकसित क्यों नहीं है। किसी भी नौजवानों को रोजगार नहीं मिला। बेरोजगारी महंगाई किसानों की समस्याएं छोटे-छोटे दुकानदारों व्यापारियों की बहुत सी समस्या है। उत्तर प्रदेश बहुत आगे बढ़ सकता था। यहां बहुत सी विकास की सम्भावनाएं हैं। आज यहां विकास के नाम पर कुछ नहीं है। सिर्फ बड़े-बड़े विज्ञापन है, जिन पर भाजपा करोड़ों रुपये खर्च कर रही है।

Leave a Comment