कमलनाथ ने किया बड़ा ऐलान, कमजोर सीटों पर छह माह पहले ही टिकट घोषित कर देगी कांग्रेस

मध्यप्रदेश में स्थानीय निकायों के बाद साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए चुनावी मोड में आई कांग्रेस ने तय किया है कि कमजोर सीटों पर छह माह पहले विधानसभा टिकट घोषित कर दिए जाएंगे। इसमें वे सीटें भी शामिल हैं, जिन पर पार्टी चुनाव हारती रही है। विधायकों से कामकाज का गोपनीय तौर से फीडबैक मांगा गया, ताकि वे निडर होकर बात कह सकें।

शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के निवास पर हुई विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। डॉ. गोविंद सिंह के नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद विधायक दल की यह पहली बैठक थी। इसमें दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, अरुण यादव, अजय सिंह, कांतिलाल भूरिया, विवेक तन्खा, राजमणि पटेल, जेपी धनोपिया भी शामिल हुए।

कमलनाथ ने कहा कि विधायक काम-काज का मूल्यांकन स्वयं करें। चाहें तो अपने स्तर पर सर्वे करा लें। कमियां दूर करने का प्रयास करें। बैठक में ओबीसी सीटों पर ध्यान देने की जरूरत बताई गई। मंडल, सेक्टर पर भी ध्यान दिया जाना है।

भाजपा की सोच आमजन को बताएं: नाथ ने कहा कि भाजपा की नीति आदिवासी, ओबीसी वर्ग विरोधी है। उसने साजिश रच ओबीसी वर्ग के आरक्षण को खत्म करने का काम किया है। हमारी सरकार में ओबीसी आरक्षण को 14 से बढ़ाकर 27% किया था, लेकिन भाजपा सरकार ने कोर्ट में ठीक ढंग से पक्ष नहीं रखा। हमें ओबीसी वर्ग को सच्चाई बतानी है। सभी विधायक भाजपा की ओबीसी वर्ग विरोधी सोच को जनता के बीच लेकर जाएं।

पंचायत चुनाव
कमलनाथ ने कहा कि पंचायत चुनाव में हमें यह प्रयास करना चाहिए कि इसमें समन्वय स्थापित हो। यह चुनाव मिशन-2023 की रूपरेखा लिखेंगे, इसलिए सभी विधायक आज से ही इसके लिए जी जान से जुट जाएं।

अविश्वास प्रस्ताव
नेता प्रतिपक्ष डॉ. सिंह ने कहा, हम सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे। विधायकों से अपील की, शिवराज सरकार में हो रहे घोटाले, भ्रष्टाचार के मामले सामने लाएं। हम विधानसभा के आगामी सत्रों में ये मसले उठाएंगे।

एससी वर्ग
इससे पहले अजजा वर्ग के विधायकों की बैठक में चर्चा हुई कि किस प्रकार से प्रदेश में आदिवासी वर्ग पर अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं। सरकार की निंदा कर तय किया गया कि इस वर्ग की आवाज पुरजोर ढंग से उठाई जाएगी।

इधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भाजपा पर लंदन से प्रहार
वहीं लंदन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारत अभी अच्छी हालत में नहीं हैं। भाजपा ने पूरे देश में केरोसीन छिड़क दिया है। आपको एक चिंगारी चाहिए और हम बड़ी मुसीबत में पड़ जाएंगे। हमें इस तापमान को ठंडा करने की जरूरत है। यह तापमान ठंडा नहीं हुआ तो चीजें गलत हो सकती हैं।

राहुल गांधी लंदन के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में आइडियाज फॉर इंडिया सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे हैं। उन्होंने एक साक्षात्कार के दौरान भाजपा की जीत और कांग्रेस की हार का कारण बताते हुए कहा कि ध्रुवीकरण और मीडिया पर प्रभुत्व ने भाजपा को फायदा पहुंचाया। भारत के लोग उन संस्थानों पर हमले देख रहे हैं, जिन्होंने देश का निर्माण किया। राहुल के साथ सीताराम येचुरी, कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, राजद नेता तेजस्वी यादव, महुआ मोइत्रा और मनोज झा समेत कई विपक्ष के नेता सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे हैं।

भाजपा ने किया पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी विदेश में देश की छवि को धूमिल कर रहे हैं। कौन केरोसीन लेकर घूम रहा है, पूरा देश जानता है। कांग्रेस तो 1984 से केरोसीन लेकर घूम रही है।

Leave a Comment