मशहूर अभिनेत्री स्वरा भास्कर शामिल हुई भारत जोड़ो यात्रा में, उज्जैन से आगर-मालवा के लिए निकली यात्रा

उज्जैन- मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का आज 9 वां दिन है, वहीं राहुल गांधी की यात्रा का ये 85 वां दिन है। राहुल गांधी अलसुबह से उठकर यात्रा में चल पड़े। उनका स्वागत करने के लिए रास्ते में लोग हाथों में फूल मालाएं लेकर खड़े नजर आ रहे हैं। खास बात है कि आज सुबह बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी राहुल गांधी के साथ कदमताल करती नजर आईं।

85वें दिन यात्रा उज्जैन के पास सुरासा से सुबह 6 बजे फ्लैग होस्टिंग के बाद शुरू हुई। यात्रा का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में लोग हाथों में गुलाब लिए सड़क किनारे खड़े थे। यात्रा आरडी गार्डी कॉलेज के सामने से आगर मालवा की ओर बढ़ी। राहुल के साथ स्वरा भास्कर के अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी कदमताल कर रहे हैं।

घट्टिया क्षेत्र से होती हुई यात्रा टी ब्रेक के बाद नजरपुर में सुबह करीब 10 बजे लंच और विश्राम के लिए रुकेगी। दोपहर 3.30 बजे यात्रा दोबारा शुरू होगी।
गुरुवार को यात्रा करीब 21 किमी का सफर तय करेगी। यात्रा घट्टिया होती हुई घोंसला फाटा पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। रात्रि विश्राम झलारा ग्राम के सोयाबीन प्लांट में होगा।

शुक्रवार को यात्रा आगर जिले में प्रवेश कर जाएगी। यहां से यात्रा सुबह 6 बजे शुरू होगी। इससे पहले बैंड और यात्री चलना शुरू करेंगे। यात्रा में कई जगह पुष्प वर्षा से राहुल गांधी की अगवानी की जाएगी। राहुल गांधी के स्वागत के लिए आगर में अभी से कई जगह मंच बन गए हैं।

बता दें कि इंदौर की तरह ही उज्जैन में भी यात्रा के दौरान जनसैलाब देखने को मिला। सड़कों पर दोनों ओर हजारों की संख्या में लोग राहुल गांधी को देखने के लिए उमड़ पड़े हैं। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में यात्रा को मिल रहे समर्थन से कांग्रेस नेता उत्साहित हैं। पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव ने एक ट्वीट में लिखा कि, ‘आज 1 दिसंबर 2022 की यात्रा शुरू होने के पहले ही हज़ारों लोग एकत्रित हुए, जैसे जैसे दिन चढ़ेगा लोगों की संख्या में इजाफा होता रहेगा।’