देश में एक हफ्ते में दोगुना हुए कोरोना के केस, इस राज्य में है सबसे ज्यादा कहर

नई दिल्ली-देश में एक बार फिर कोरोना के नए मरीज बढ़ने का ट्रेंड दिखने लगा है। लगातार दूसरे दिन 7 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, गुरुवार को देश में 7,584 मरीज मिले और 24 की मौत हुई। इसके साथ मरीजों की संख्या 4 करोड़ 32 लाख 5 हजार 106 हो गई है। वहीं, अब तक इस संक्रमण से 5 लाख 24 हजार 747 लोगों की जान चली गई है।

इससे पहले, बुधवार को देश में 7,240 पॉजिटिव मिले थे और 8 लोगों की मौत हुई थी। अगर, पिछले 7 दिनों का ट्रेंड देखें तो देश में कोरोना मरीज दो गुना बढ़ गए हैं। 3 जून को देश में सिर्फ 3945 पॉजिटिव थे। अब यह संख्या बढ़कर 7,584 पहुंच गई है।

नए केस में महाराष्ट्र फिर टॉप पर, 24 घंटे में 2,813 पॉजिटिव मिले
महाराष्ट्र में कोरोना ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राज्य में गुरुवार को 2,813 नए केस मिले। 1,047 लोग ठीक भी हो गए, जबकि एक मरीज की मौत हो गई। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को नए केस में 4% की बढ़ोतरी हुई। अकेले मुंबई में पिछले 24 घंटे में 1700 से ज्यादा संक्रमित मिले। बीते नौ दिन (1 जून से 9 जून) में मुंबई में नए केस 138% और ऐक्टिव मरीज 135% बढ़ गए।

राज्य में अब 11,571 एक्टिव केस हो गए हैं। यानी इन मरीजों का इलाज चल रहा है। इस मामले में यह अब टॉप पर पहुंच गया है। इससे पहले तक केरल टॉप पर था। वहां अब 11,329 एक्टिव केस हैं।

महाराष्ट्र में अभी 11,571 एक्टिव केस हैं। इनमें अकेले 70% एक्टिव केस मुंबई में हैं। यानी इन्हीं 9 दिनों में एक्टिव केस 2970 से बढ़कर 8000 के पार पहुंच गए हैं। कोरोना के शुरुआती दिनों से लेकर अब तक यहां 79 लाख से ज्यादा मरीज संक्रमित हो चुके हैं, 77 लाख से ज्यादा ठीक हए, जबकि 1 लाख 47 हजार से ज्यादा संक्रमितों ने अपनी जान गंवा दी।

केरल में नहीं थम रही रफ्तार
केरल में कोरोना थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे में यहां 2193 नए पॉजिटिव केस मिले,1296 मरीज ठीक हुए और 17 संक्रमितों की मौत हो गई। केरल में पॉजिटिविटी रेट 11.50% है, मतलब 100 में से करीब 12 मरीज संक्रमित मिल रहे, जो अन्य राज्यों के मुकाबले काफी ज्यादा है। हालांकि, बुधवार के मुकाबले गुरुवार को नए केस 3% घटे, यानी गुरुवार को 78 नए केस की मामूली कमी आई। बुधवार को 2271 नए संक्रमित मिले थे।

दिल्ली में फिर बढ़े केस
राजधानी दिल्ली में गुरुवार को नए केस फिर बढ़े। गुरुवार को दिल्ली में 622 नए मरीज मिले, 537 मरीज ठीक हुए, जबकि 2 संक्रमितों की मौत हो गई। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को कोरोना केस में 10% की बढ़ोतरी हुई। बुधवार को 564 नए केस मिले थे। राजधानी में पॉजिटिविटी रेट 3.12% पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक दिल्ली में एक्टिव केस की संख्या 1,774 है।

देश में चौथी लहर का खतरा कम
हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि अब देश में कोरोना की चौथी लहर आने की संभावना बेहद कम है। मैक्स हेल्थकेयर के निदेशक डॉ. रोमेल टिक्कू ने कहा कि अगर कोरोना का कोई नया वैरिएंट सामने नहीं आता है तो चौथी लहर का खतरा नहीं है।

Leave a Comment