कांग्रेस का महंगाई मुक्त अभियान शुरू, कमलनाथ बोले- लूटने का काम कर रही भाजपा, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष रहेगा जारी

कांग्रेस के देशव्यापी महंगाई मुक्त अभियान की गुरुवार को प्रदेश में कमलनाथ ने सिलेंडर को माला पहना कर शुरुआत की। कांग्रेस कार्यकर्ता ढोल मजीरा लेकर श्यामला हिल्स रोड पहुंचे थे। कमलनाथ ने कहा कि जनता की जेब काटी जा रही है। भाजपा लूटने का काम कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जब तक उत्तर प्रदेश के चुनाव नहीं हुए थे तब तक डीजल पेट्रोल और गैस के दाम स्थिर रहे। चुनाव के तुरंत बाद कीमतें बढ़ा दी गई। उन्होंने कहा कि भाजपा निर्मित महंगाई से जनता की जेब काटी जा रही है, भाजपा लूटने का काम कर रही है। भाजपा निर्मित महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। लुटरी भाजपा सरकार को पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम वापस लेने ही पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणााओं की फैक्ट्री खोल ली है।

कमलनाथ ने भाजपा के चुनावी मोड में आने पर कहा कि चुनावी मोड में आना भारतीय जनता पार्टी का काम है, कांग्रेस पार्टी हमेशा अपने कार्यकर्ताओं से और जनता से जुड़ी रहती है। वहीं, सिंधिया को बीजेपी का मुख्यमंत्री चेहरा बनाए जाने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में गुना ने दिखा दिया था की चुनौती कितनी मजबूत है। वहीं शिवराज सिंह चौहान के बुलडोजर मामा बन जाने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि मैंने माफिया के खिलाफ बुलडोजर चलाया था। शिवराज सिंह चौहान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ऊपर बुलडोजर चलाकर बदले की कार्रवाई कर रहे हैं।

Leave a Comment