8 साल बाद इंदौर में लगातार बारिश, शहर के वेस्ट हिस्से में ज्यादा बारिश

इंदौर: इंदौर में अगस्त की शुरुआत से ही बारिश हो रही है। 15 दिन में 14 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। 1 जून से अब तक की बात की जाए तो 33 इंच बरसात हो चुकी है। औसत बारिश का आंकड़ा 36.6 इंच है। अगस्त की बारिश का कोटा 12 इंच है। यानी आधे अगस्त में ही कोटे से 2 इंच ज्यादा पानी गिर गया।

इंदौर के ईस्ट (पलासिया और आसपास के इलाके) और वेस्ट (राजवाड़ा और आसपास के इलाके) हिस्से में बारिश का अलग-अलग ट्रेंड रहता है। मानसून में कभी वेस्ट खूब भीगता है तो कभी ईस्ट। 8 साल में अगस्त में इंदौर ईस्ट में 100.83 इंच पानी गिरा, जबकि वेस्ट में 93.52 बारिश हुई। लेकिन, ताजा स्थिति की बात की जाए तो अगस्त के 16 दिन में इंदौर ईस्ट में 10.5 तो इंदौर वेस्ट में 13.6 इंच बारिश हो चुकी है। 8 साल का रिकॉर्ड देखें तो अगस्त में वेस्ट सबसे ज्यादा 2020 में भीगा। यहां 24 इंच बारिश हुई। सबसे कम बारिश 2021 में 6.20 इंच रही। ईस्ट में 2020 में सबसे ज्यादा 22.85 इंच पानी गिरा। सबसे कम बारिश 2014 में 6.22 हुई।

ईस्ट में बसाहट कम; हरियाली ज्यादा
यहां एग्रीकल्चर कॉलेज के पास खुद की कई एकड़ जमीन है। इसमें खेती होती है। इसी तरह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पुलिस विभाग) की करीब 1000 एकड़ जमीन है। इन दोनों जगहों पर इस मौसम में पर्याप्त हरियाली रहती है। इसके अलावा रेसिडेंसी, नवरतन बाग, पीपल्याहाना आदि ईस्ट के ऐसे इलाके हैं, जहां काफी हरियाली है। नवरतन बाग में तो वन विभाग की नर्सरी ही है। कुल मिलाकर यहां बसाहट कम और हरियाली ज्यादा है। इसके उलट गर्मी में यहां हरियाली गायब होकर जमीन लगभग बंजर भी हो जाती है। इसके चलते तीनों मौसम में इसका अलग प्रभाव रहता है।

Leave a Comment